
दि ग्राम टुडे, कानपुर।
कानपुर नगर कमिश्नरेट में बुधवार 02 जुलाई 2026 को पुलिस आयुक्त श्री रघुबीर लाल की अध्यक्षता में कैम्प कार्यालय में भव्य पिपिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस उपायुक्त पद से पुलिस उपायुक्त पद पर पदोन्नत हुए अधिकारियों श्री राजेश कुमार पाण्डेय एवं श्री कपिल देव सिंह को उनके नवीन दायित्वों के लिए शुभकामनाएँ एवं बधाई दी गई।

समारोह के दौरान पुलिस आयुक्त श्री रघुबीर लाल ने श्री राजेश कुमार पाण्डेय, जो वर्तमान में अपर पुलिस उपायुक्त पश्चिम के पद पर कार्यरत हैं, तथा श्री कपिल देव सिंह, जो अपर पुलिस उपायुक्त यातायात के पद पर तैनात हैं, के कंधों पर अशोक स्तंभ के साथ एक-एक स्टार लगाकर उन्हें औपचारिक रूप से पुलिस उपायुक्त पद की जिम्मेदारी सौंपी।
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त ने दोनों अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य, सफल कार्यकाल एवं उत्कृष्ट सेवा की कामना करते हुए कहा कि यह पदोन्नति उनकी मेहनत, समर्पण एवं उत्कृष्ट कार्यशैली का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों अधिकारी अपनी कार्यकुशलता, नेतृत्व क्षमता एवं ईमानदार कार्यशैली के माध्यम से कमिश्नरेट कानपुर नगर की कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करेंगे तथा संगठन की गरिमा एवं प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
पिपिंग सेरेमनी के दौरान पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। समारोह का वातावरण उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय रहा। उपस्थित अधिकारियों ने भी पदोन्नत अधिकारियों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।






