सूचना के बाद भी मौके पर नहीं पहुंचे जिम्मेदार!
महोली / सीतापुर। महोली
क्वाटरगंज वन क्षेत्र के मुसब्बरपुर गांव स्थित मैनिया जंगल में तेंदुए के पदचिह्न मिलने से ग्रामीणों और किसानों में दहशत का माहौल व्याप्त है।
ग्रामीणों का कहना है कि पदचिह्न दिखाई देने के बाद तत्काल वन विभाग को सूचना दी गई, लेकिन काफी समय बीतने के बावजूद क्षेत्रीय वन दरोगा विनीत सक्सेना और संबंधित कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचे।
ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय लापरवाही के कारण किसान भय के साये में खेतों पर जाने को मजबूर हैं और किसी अनहोनी की आशंका लगातार बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते क्षेत्र का निरीक्षण कर आवश्यक कदम उठाए जाते तो लोगों का भय काफी हद तक कम हो सकता था।
वहीं जिला वन अधिकारी नवीन खंडेलवाल एवं वन क्षेत्राधिकारी कल्पेश्वर नाथ भार्गव के स्तर से लोगों की सुरक्षा और दहशत दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन क्षेत्रीय स्तर पर कथित उदासीनता उनके प्रयासों पर असर डालती दिखाई दे रही है।
ग्रामीणों ने तत्काल जांच, गश्त बढ़ाने और तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।






