
दि ग्राम टुडे,कानपुर। रेल बाजार थाना परिसर में गुरुवार को कार्यवाहक थाना प्रभारी राजन मौर्य के निर्देशन में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों और पीस कमेटी के सदस्यों ने सहभागिता की। आगामी त्योहारों एवं विभिन्न कार्यक्रमों को देखते हुए क्षेत्र में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस अधिकारियों ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस ने सभी सदस्यों से आपसी भाईचारा और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने तथा संदिग्ध या भ्रामक सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को अवगत कराने के लिए कहा गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आगामी आयोजनों को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने में पुलिस के साथ क्षेत्रवासियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यवाहक थाना प्रभारी राजन मौर्य ने बैठक के दौरान सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश देते हुए “इंसान का इंसान से हो भाईचारा, यही पैगाम हमारा” गीत प्रस्तुत किया। उनके इस प्रयास की बैठक में मौजूद संभ्रांत नागरिकों ने जमकर सराहना की और इसे सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने वाला संदेश बताया।

बैठक में उपस्थित सदस्यों ने क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने तथा किसी भी स्थिति में आपसी सौहार्द कायम रखने का भरोसा दिलाया। इसके बाद बैठक शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।






