महोली (सीतापुर)। नगर की गुजिया लाइन में चल रहे जन्माष्टमी मेले का पुलिस टीम ने भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इंस्पेक्टर क्राइम धीरज कुमार शुक्ला के नेतृत्व में पहले क्षेत्र में गश्त की गई, इसके बाद पुलिस टीम ने जन्माष्टमी मेले का भ्रमण किया।
पुलिस टीम ने मेले में लगे आकर्षक झूलों, ब्रेक डांस, जलपरी सहित विभिन्न दुकानों का निरीक्षण कर वहां मौजूद लोगों से जानकारी ली। मेले में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा लगातार गश्त की जा रही है।
बताते चलें कि मेला शुरू होने के बाद से तहसील प्रशासन एवं पुलिस द्वारा लगातार गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। मेला उद्घाटन के बाद ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर झांकियों के दर्शन करने के साथ मेले का आनंद ले रहे हैं।
पुलिस को मेले में पुरुष एवं महिलाओं के आने-जाने वाले रास्तों पर भी विशेष नजर रखने की आवश्यकता है, क्योंकि अंधेरे के समय श्रद्धालुओं का आवागमन बना रहता है। वहीं, मेले में बिजली की समस्या अभी भी जस की तस बनी हुई है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।






