महोली, सीतापुर। तहसील क्षेत्र महोली में बुधवार को विश्वकर्मा पूजा का पर्व श्रद्धा एवं परंपरागत तरीके से मनाया गया। नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न प्रतिष्ठानों, कारखानों और कार्यस्थलों पर भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की गई।
नगर के बिल्डिंग कारखाने में सरदार के प्रतिष्ठान पर विद्वान पंडित द्वारा विधि-विधान से भगवान विश्वकर्मा का पूजन कराया गया। इस दौरान प्रतिष्ठान में मौजूद लोगों ने भगवान विश्वकर्मा का आशीर्वाद लेकर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। पूजा के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
इसी तरह ग्रामीण क्षेत्रों के पिसावां, नेरी, बरगावां, बड़ागांव, उर्दौली सहित अन्य स्थानों पर भी प्रतिष्ठानों में विश्वकर्मा पूजा का आयोजन किया गया। लोगों ने अपने औजारों एवं कार्य में उपयोग होने वाले उपकरणों की पूजा की। धूप-दीप एवं अगरबत्ती जलाकर विधि-विधान से पूजन संपन्न किया गया और बाद में प्रसाद का वितरण हुआ।






