
दि ग्राम टुडे,कानपुर। घाटमपुर क्षेत्र में बेटे की चाहत को लेकर एक विद्युत विभाग के अधिकारी पर कथित रूप से नवजात बच्चे को खरीदने की साजिश में शामिल होने का गंभीर आरोप सामने आया है। मामले में पुलिस ने घाटमपुर में तैनात बिजली विभाग के एसडीओ आर.के. वर्मा तथा एक एएनएम को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। प्रकरण में मानव तस्करी समेत गंभीर धाराओं में कार्रवाई किए जाने की बात सामने आई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एसडीओ पर आरोप है कि उनकी तीन बेटियां हैं और वह बेटा चाहते थे। आरोप है कि इसी चाहत में उन्होंने कथित तौर पर बच्चा हासिल करने के लिए एक महिला के माध्यम से संपर्क किया और इसके एवज में करीब पांच लाख रुपये दिए गए।
- मामले की जानकारी सामने आने के बाद घाटमपुर पुलिस ने जांच तेज करते हुए अस्पताल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान पुलिस ने एक महिला को पकड़ा। पूछताछ में महिला ने कथित तौर पर इस पूरे मामले में एसडीओ आर.के. वर्मा की भूमिका होने की जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस की पूछताछ के बाद एसडीओ को भी उनके कार्यालय से हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि बच्चे को कहां से लाया गया, किस महिला का बच्चा था और इस कथित सौदे में अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले के प्रत्येक पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। प्रकरण में मानव तस्करी सहित अन्य गंभीर धाराओं में कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि पुलिस की विस्तृत जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं इस प्रकरण के पीछे कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है।
बेटे की चाह में बच्चा चोरी का आरोप! घाटमपुर में एसडीओ समेत दो पर गंभीर आरोप, पुलिस जांच में जुटी
Date:






