पिसावां, सीतापुर। ब्लॉक परिसर में ब्लॉक स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्रीय लोगों को बैंकिंग सुविधाओं एवं शासन की विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में एलडीएम मनोज कुमार ने सभी शाखा प्रबंधकों को निर्देश दिए कि विभिन्न सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर लाभान्वित किया जाए। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों के बैंक खातों एवं उनसे संबंधित कार्यों को गंभीरता से पूरा किया जाए। बैंक अधिकारी और संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे, तभी शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंच सकेगा।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, बाबा साहब विशेष रोजगार योजना तथा स्वयं सहायता समूहों के बैंक खाते खोले जाने और सीसीएल की प्रक्रिया पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अभिषेक कुमार एवं अजय कुमार ने नाबार्ड से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपस्थित लोगों को दी। इसके अलावा अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना सहित अन्य योजनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
इस अवसर पर सहायक विकास अधिकारी सर्वेश कुमार, सचिव विमलेश कुमार तिवारी, शाखा प्रबंधक रोशन लाल गुप्ता, दीपक सिंह, एस. चंद्र सहित अन्य लोग मौजूद रहे






