अमित मिश्रा
महोली, सीतापुर (दी ग्राम टुडे )शासन के निर्देशों के क्रम में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को लेकर मिशन शक्ति अभियान के तहत कृषक इंटर कॉलेज, महोली में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम कोतवाली प्रभारी जंग बहादुर पांडे के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में महिला उपनिरीक्षक भावना भारद्वाज ने छात्राओं एवं महिलाओं को मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्य और महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के लिए शासन द्वारा विभिन्न योजनाएं एवं अभियान संचालित किए जा रहे हैं। सभी महिलाओं और बालिकाओं को इनके बारे में जानकारी होना आवश्यक है।
उन्होंने महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल सहायता लेने के लिए जागरूक किया। वहीं महिला आरक्षी पूजा राजपूत ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना तथा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ सहित शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
इस दौरान बालिकाओं एवं महिलाओं को सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर नोट कराए गए तथा जागरूकता संबंधी पंपलेट भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान आरक्षी सुरजीत कुमार, महिला आरक्षी पूजा राजपूत सहित पुलिस टीम मौजूद रही।






