10 ग्राम पंचायतों में स्थल सुंदरीकरण के लिए दिए 10-10 लाख रुपये
मीरजापुर, राजगढ़ ब्लॉक अंतर्गत ग्राम बरगवां, विकासखंड राजगढ़ में संविधान दिवस मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री एवं मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर विधायक ने बताया कि अपनी पूरी विधानसभा क्षेत्र की 10 ग्राम पंचायतों में बाबा साहब से जुड़े स्थलों के सुंदरीकरण, बाउंड्रीवॉल एवं अन्य आवश्यक विकास कार्यों के लिए विधायक निधि से 10-10 लाख रुपये दिए गए हैं। उन्होंने संबंधित स्थलों को सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के निर्देश भी दिए। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने अपने विधानसभा क्षेत्र में कराए जाने वाले विभिन्न स्थलों का शिलापट्ट के माध्यम से लोकार्पण भी किया।
कार्यक्रम में सर्वप्रथम माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के वर्चुअल संबोधन को सुना गया। इसके पश्चात विधायक श्री पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। संविधान निर्माण में उनकी प्रमुख भूमिका रही है। उन्होंने विश्व के श्रेष्ठ संविधानों में शामिल भारतीय संविधान देकर देश का मान बढ़ाया।
विधायक ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में संविधान दिवस इस तरह नहीं मनाया जाता था, लेकिन आज माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एवं माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में पूरे देश में बड़े हर्षोल्लास के साथ संविधान दिवस मनाया जा रहा है। यह हम सभी के लिए गर्व का विषय है।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी विरेंद्र वर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष ब्रह्मदेव सिंह, राजबहादुर सिंह, सूर्यभान सिंह, ग्राम प्रधान यशपाल सिंह, हरिशंकर सिंह जेई,सहित अन्य गणमान्य लोग एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।






