पिसावां, (दी ग्राम टुडे )विकासखंड कार्यालय पिसावां में खंड विकास अधिकारी श्रुति शर्मा की अध्यक्षता में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई।
बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, पंचायत, मनरेगा समेत विभिन्न विभागों से संबंधित योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। अभियान की शुरुआत ‘आशीर्वाद का दीप’ कार्यक्रम से होगी। इस अवसर पर विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर रहे परिवारों द्वारा अपने-अपने घरों में दीप जलाए जाएंगे।
अभियान के दौरान स्वच्छता, वृक्षारोपण, रक्तदान, स्वास्थ्य एवं शिक्षा के प्रति जागरूकता सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही आमजन से योजनाओं और कार्यक्रमों को लेकर फीडबैक भी प्राप्त किया जाएगा।
बैठक में सहायक विकास अधिकारी कृषि जावेद अख्तर, शिक्षा विभाग से खंड शिक्षा अधिकारी, पंचायत विभाग के प्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग से पृथ्वी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।






