रिर्पोट – बीरेश तिवारी
मुकदमा दर्ज होने के बाद भी बरामदगी न होने का आरोप, नामजद लोगों पर कार्रवाई की मांग
सीतापुर (लहरपुर)। कोतवाली लहरपुर क्षेत्र के ग्राम लालपुर समोलिया में 17 वर्षीय किशोरी के लापता होने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। किशोरी के पिता ने पुलिस की कार्रवाई पर असंतोष जताते हुए मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर बेटी की सकुशल बरामदगी और मामले में शामिल सभी आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम लालपुर समोलिया रोड निवासी निर्मल कुमार पुत्र स्वर्गीय घनश्याम लाल के अनुसार, बीती 17 नवंबर 2026 की रात गांव का ही निवासी सुधीर शर्मा पुत्र प्यारेलाल शर्मा उनकी 17 वर्षीय पुत्री जूली को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन किशोरी का कोई पता नहीं चल सका।
पीड़ित पिता ने आरोप लगाया है कि किशोरी को ले जाने के मामले में मुख्य आरोपी के अलावा उसके परिवार के सदस्यों और कुछ रिश्तेदारों की भी भूमिका है। उन्होंने अपने प्रार्थना पत्र में प्यारेलाल पुत्र रामचन्द्र, नीरज पुत्र रामचन्द्र, बनवारी पुत्र पुल्लू, प्रवीण पुत्र बनवारी, अरुण पुत्र बनवारी, समीर पुत्र प्यारेलाल, सुधीर की बहन व बहनोई लालचन्द्र शर्मा निवासी सीतापुर, फूफा संतोष शर्मा तथा गांव के रामविनय जायसवाल और रामगोपाल पर सहयोग एवं मिलीभगत का आरोप लगाया है।
निर्मल कुमार के मुताबिक, घटना की लिखित सूचना 19 नवंबर को कोतवाली लहरपुर में दी गई थी। इसके बाद 23 नवंबर 2026 को मुख्य आरोपी सुधीर शर्मा के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 87 और 137(2) के तहत मुकदमा अपराध संख्या 0426/2026 दर्ज किया गया। हालांकि, पिता का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद अब तक उनकी बेटी की बरामदगी नहीं हो सकी है और प्रार्थना पत्र में नामजद अन्य लोगों की भूमिका को लेकर भी प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
बेटी की सुरक्षा को लेकर चिंतित पिता ने मुख्यमंत्री से मामले का तत्काल संज्ञान लेकर किशोरी की जल्द से जल्द सकुशल बरामदगी कराने, नामजद लोगों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है






