महोली, सीतापुर। नगर के गुजिया लाइन में लगने वाले श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेले में इन दिनों बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। मेले के मुख्य द्वार के आसपास सड़क के दोनों ओर सब्जी विक्रेताओं और ठेला दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण किए जाने से आवागमन प्रभावित हो रहा है। कई ठेले सड़क के काफी हिस्से तक लगे होने के कारण दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस समस्या के समाधान के लिए नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर ठेलों को सड़क से हटवाने की मांग की गई थी, लेकिन अभी तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। मेले में लगातार बढ़ रही भीड़ के बीच सड़क पर अव्यवस्थित ठेले और वाहनों की आवाजाही किसी भी समय परेशानी का कारण बन सकती है।
इसके अलावा नगर में निजी बसों, ई-रिक्शा, ऑटो और अन्य वाहनों के लिए व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने से भी जाम की समस्या बनी रहती है। नागरिकों ने प्रशासन और नगर पंचायत से मेले के दौरान मुख्य मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा वाहनों की पार्किंग के लिए उचित व्यवस्था किए जाने की मांग की है, ताकि मेले में आने-जाने वाले लोगों को परेशानी न हो।






