महोली सीतापुर उपजिलाधिकारी महोली शैलेंद्र गौतम के सख्त निर्देशों के बाद नगर पंचायत प्रशासन सक्रिय हो गया है। अधिशासी अधिकारी रामकृष्ण वर्मा ने कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नगर क्षेत्र में खुलेआम घूम रहे गोवंशों को प्राथमिकता के आधार पर पकड़कर सुरक्षित गौशाला पहुंचाया जाए, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके।
अधिशासी अधिकारी रामकृष्ण वर्मा ने बताया कि लगातार बारिश होने के कारण आवारा गोवंशों को पकड़ने के अभियान में दिक्कतें आ रही थीं। अब मौसम साफ होने के बाद नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों में अभियान चलाकर गोवंशों को पकड़ने और कान्हा गौशाला में संरक्षित करने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश कर्मचारियों को दिए गए हैं।
गौरतलब है कि बीते दिनों ग्राम उर्दौली की ग्राम पंचायत सरियामऊ निवासी एक छात्र की सांड के हमले में मौत हो गई थी। इस घटना के बाद आवारा गोवंशों की समस्या को लेकर प्रशासन ने गंभीर रुख अपनाया। तहसील प्रशासन ने नगर पंचायत को अभियान चलाकर आवारा गोवंशों को पकड़ने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में अब नगर पंचायत ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
नगर पंचायत प्रशासन की इस पहल से उम्मीद जताई जा रही है कि नगर की सड़कों पर घूमने वाले आवारा गोवंशों की समस्या पर अंकुश लगेगा और आमजन को राहत मिलेगी।






