दि ग्राम टुडे,लखनऊ। उत्तर प्रदेश की प्रतिभाशाली युवा मॉडल और उभरती हुई फेस कर्णिका मौर्य अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। ‘मिस टीन दीवा उत्तर प्रदेश’ का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम करने के बाद कर्णिका 19 जुलाई को जयपुर में आयोजित होने वाली ‘मिस टीन दीवा इंडिया’ प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। इस उपलब्धि को लेकर राजधानी लखनऊ में क्वीनिफाइड इवेंट्स ओपीसी प्राइवेट लिमिटेड की ओर से एक भव्य पत्रकार वार्ता आयोजित की गई, जिसमें कर्णिका की तैयारियों, उनके सपनों और इस प्रेरणादायक सफर को मीडिया के साथ साझा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान संस्था की फाउंडर प्रीति यादव ने कहा कि कर्णिका मौर्या ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रभावशाली व्यक्तित्व के दम पर ‘मिस टीन दीवा उत्तर प्रदेश’ का खिताब हासिल किया है। उन्होंने कहा कि कर्णिका में वह सभी गुण मौजूद हैं, जो उन्हें राष्ट्रीय मंच पर एक मजबूत और प्रेरणादायक प्रतिभागी बनाते हैं। प्रीति यादव ने विश्वास जताया कि कर्णिका न केवल उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करेंगी, बल्कि देशभर में अपनी अलग पहचान भी स्थापित करेंगी।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए कर्णिका मौर्य
ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह अवसर उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मंच पर उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। कर्णिका ने बताया कि वह प्रतियोगिता के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ तैयारी कर रही हैं और उनका प्रयास रहेगा कि अपने प्रदर्शन से सभी का दिल जीत सकें।
उन्होंने कहा कि परिवार, गुरुजनों और संस्था का सहयोग उनके आत्मविश्वास को लगातार मजबूत कर रहा है। कर्णिका का मानना है कि सफलता केवल सुंदरता से नहीं, बल्कि व्यक्तित्व, आत्मविश्वास, सोच और मेहनत से हासिल होती है। यही संदेश वह देशभर की युवतियों तक पहुंचाना चाहती हैं।

इस दौरान प्रीति यादव ने कहा कि क्वीनिफाइड इवेंट्स ओपीसी प्राइवेट लिमिटेड का उद्देश्य केवल ब्यूटी पेजेंट आयोजित करना नहीं है, बल्कि ऐसी प्रतिभाशाली युवतियों को मंच प्रदान करना है, जो अपने व्यक्तित्व, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक सोच और आत्मविश्वास के दम पर समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें। संस्था लगातार उत्तर प्रदेश की बेटियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है।
पत्रकार वार्ता में मौजूद मीडिया प्रतिनिधियों ने कर्णिका मौर्या को आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अब सभी की निगाहें 19 जुलाई को जयपुर में आयोजित होने वाली ‘मिस टीन दीवा इंडिया’ प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जहां उत्तर प्रदेश की यह प्रतिभाशाली बेटी अपने हुनर, आत्मविश्वास और शानदार व्यक्तित्व के दम पर नया इतिहास रचने के इरादे से मंच पर उतरेंगी।






