महोली, सीतापुर। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर महोली क्षेत्र के एकल विद्यालय की छात्राओं और शिक्षिकाओं ने महोली कोतवाली पहुंचकर पुलिसकर्मियों को रक्षा सूत्र बांधा। छात्राओं ने पुलिसकर्मियों का तिलक कर उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं और मिठाई खिलाकर त्योहार की खुशियां साझा कीं।
इस दौरान कोतवाली के इंस्पेक्टर अपराध धीरज कुमार शुक्ला ने छात्राओं एवं शिक्षिकाओं को कोतवाली परिसर में बैठाकर उनका सम्मान किया। उन्होंने छात्राओं से बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में उपस्थित उपनिरीक्षकों एवं अन्य पुलिसकर्मियों की कलाई पर भी छात्राओं और शिक्षिकाओं ने राखी बांधी।
पुलिसकर्मियों को राखी बांधकर छात्राओं ने भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का संदेश दिया। वहीं पुलिसकर्मियों द्वारा छात्राओं का सम्मान किए जाने पर उनके चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ नजर आया। कार्यक्रम के दौरान रक्षाबंधन पर्व की आत्मीयता और भाईचारे का माहौल देखने को मिला।






