महोली सीतापुर। जन्माष्टमी पर्व को लेकर नगर में भीड़भाड़ बढ़ने लगी है। वहीं नगर पंचायत एवं तहसील प्रशासन की उदासीनता के कारण नगर के बाद गांव तिराहे पर आए दिन जाम की समस्या बनी रहती है। जन्माष्टमी का त्योहार होने के चलते नगर के मुख्य चौराहे पर भीड़ और अधिक बढ़ गई है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
नगर में रोडवेज बस स्टेशन न होने के कारण शाहजहांपुर से सीतापुर, सीतापुर से शाहजहांपुर तथा दिल्ली सहित अन्य स्थानों को जाने वाली रोडवेज बसें और दिल्ली, पानीपत व सोनीपत जाने वाली निजी बसें मुख्य चौराहे पर ही सवारियां भरती हैं। बसों के बीच सड़क पर खड़े होकर सवारियां भरने के कारण चौराहे पर जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। इसके बावजूद यातायात व्यवस्था को सुचारु करने के लिए कोई ठोस पहल होती नजर नहीं आ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि नगर पंचायत एवं तहसील प्रशासन चाहे तो निजी बसों का संचालन बाईपास मार्ग से कराया जा सकता है। इससे मुख्य चौराहे पर लगने वाले जाम से काफी हद तक निजात मिल सकती है। लेकिन इस दिशा में पहल कौन करे, यह सवाल नगर के प्रत्येक नागरिक की जुबान पर है।
बताया जा रहा है कि जन्माष्टमी मेले का शुभारंभ कल होने जा रहा है। ऐसे में नगर में भीड़ और बढ़ने की संभावना है। यदि समय रहते मुख्य चौराहे से निजी बसों के संचालन एवं यातायात व्यवस्था को लेकर उचित कदम नहीं उठाए गए तो किसी भी समय गंभीर समस्या उत्पन्न हो सकती है। स्थानीय लोगों ने तहसील प्रशासन से तत्काल इस ओर ध्यान देकर यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।






