महोली/सीतापुर। विकासखंड पिसावां की ग्राम पंचायत खोजपुर में जर्जर पंचायत भवन की बाउंड्री वॉल लगातार हो रही बारिश के चलते एक तरफ से धराशायी हो गई। गनीमत रही कि दीवार खेतों की ओर जाकर गिरी, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
बताते चलें कि पंचायत भवन काफी समय से जर्जर हालत में है और परिसर में अक्सर गांव के बच्चे खेलते रहते हैं। ऐसे में भवन की जर्जर स्थिति कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत भवन को गिराकर नए भवन का निर्माण कराया जाना आवश्यक है, ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके।
बाउंड्री वॉल गिरने की सूचना मिलने पर ब्लॉक के अवर अभियंता धीरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। अवर अभियंता ने जर्जर पंचायत भवन को गिराए जाने की कार्रवाई के संबंध में आख्या ब्लॉक को भेजी है।
अब देखना यह है कि विकासखंड प्रशासन जर्जर पंचायत भवन को गिराने और उसके स्थान पर नया भवन बनवाने की कार्रवाई कब तक करता है। फिलहाल ग्रामीणों को किसी बड़ी घटना की आशंका बनी हुई है।






