
दि ग्राम टुडे संवाददाता
लखनऊ। पारा थाना क्षेत्र के डूडा कॉलोनी, नरपत खेड़ा में सोमवार तड़के करीब तीन बजे ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आकर ट्रांसफार्मर से जुड़ा विद्युत तार टूटकर नीचे खड़ी एक वैगनआर कार पर गिर गया, जिससे कार में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते करीब 10 मिनट में कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।आग लगने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। ट्रांसफार्मर में लगातार आग और चिंगारियां निकलने के कारण लोग कार में लगी आग पर तत्काल काबू नहीं पा सके। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग को सूचना देकर विद्युत आपूर्ति बंद कराई, जिसके बाद स्थिति नियंत्रित हो सकी। घटना के समय सड़क पर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, डूडा कॉलोनी निवासी कुलदीप कुशवाहा पुत्र परमेश्वर की ‘कुलदीप जनरल स्टोर’ नाम से दुकान है। उनकी वैगनआर कार (UP32 PW 0906) दुकान के बाहर खड़ी थी। आग की चपेट में आने से कार के अलावा दुकान के बाहर रखा फ्रिज और लोहे का स्टैंड भी क्षतिग्रस्त हो गया। पीड़ित कुलदीप कुशवाहा ने बताया कि उन्होंने घटना के दौरान इमरजेंसी नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं हो सकी। आग से उन्हें लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने संबंधित विभाग से नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने तथा ट्रांसफार्मर की तकनीकी जांच कराने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में कई पुराने ट्रांसफार्मर और जर्जर बिजली के तार लंबे समय से दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। उन्होंने बिजली विभाग से समय रहते रखरखाव कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है.






