महोली, सीतापुर। तहसील क्षेत्र के ग्राम मुंडा हंसा में बुधवार को तहसील प्रशासन ने तालाब की भूमि पर कथित रूप से अवैध कब्जा कर बनाए गए तीन पक्के मकानों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। प्रशासन की ओर से अवैध कब्जों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
बताया गया कि गांव निवासी भानु, महेश और दिनेश द्वारा तालाब की भूमि पर पक्के मकान बनाकर रहने की शिकायत प्रशासन के संज्ञान में थी। बुधवार को तहसील प्रशासन की टीम राजस्व कर्मियों की मौजूदगी में मौके पर पहुंची और तीनों मकानों को ध्वस्त कर दिया।
तहसील प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध कब्जाधारकों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तहसील क्षेत्र में कई स्थानों पर तालाबों और सार्वजनिक भूमि के किनारे कथित रूप से अवैध कब्जे कर पक्के निर्माण किए गए हैं। लोगों ने प्रशासन से ऐसे अन्य मामलों की भी जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की है।






