अमित मिश्रा
सीतापुर ( पिसावां )थाना क्षेत्र अंतर्गत दधनामऊ पुलिस चौकी के खाजाडाबर गांव के निकट बुधवार रात्रि एक सड़क दुर्घटना में 26 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान बृंदावन गांव निवासी सोनू पुत्र जगदीश के रूप में हुई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार सोनू बुधवार शाम दधनामऊ से अपने घर बृंदावन लौट रहा था। बताया जा रहा है कि वह शराब के नशे में था। रास्ते में खाजाडाबर गांव के पास अचानक उसकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे विद्युत पोल से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि युवक सड़क पर फेंक दिया गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।दुर्घटना देखते ही राहगीरों ने तुरंत दधनामऊ पुलिस चौकी को सूचना दी। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायल सोनू को एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिश्रिख पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घर में चीख-पुकार मच गई और पूरा बृंदावन गांव शोक की चादर में लिपट गया। परिजनों ने बताया कि सोनू परिवार का सहारा था और उसकी अचानक मौत पूरे परिवार को सदमे में डाल गई है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मौके पर पंचनामा तैयार किया। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले में आगे जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में शराब पीकर वाहन चलाने को दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है।यह घटना ग्रामीण क्षेत्रों में शराब पीकर वाहन चलाने की बढ़ती लापरवाही को फिर एक बार उजागर करती है। स्थानीय लोग पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं ताकि ऐसी घटनाएं भविष्य में रोकी जा सकें।






