अजय कुमार दूबे
ब्यूरो प्रमुख (पूर्वांचल)
दि ग्राम टुडे
लखनऊ। लेखिका, पत्रकार एवं समीक्षक पायल लक्ष्मी सोनी की पुस्तक (वुमनहुड इन शिफ्टिंग वर्ल्ड) नेविगेटिंग आइडेंटिटी, ट्रेडिशन, एंड फ्यूचर, का ऑनलाइन विमोचन एवं परिचर्चा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्वानों, साहित्यकारों एवं प्रबुद्धजनों ने बदलते दौर में नारीत्व, भारतीय परंपरा, परिवार तथा आधुनिक जीवन शैली के बीच संतुलन से जुड़े विषयों पर अपने विचार साझा किए। परिचर्चा के दौरान पुस्तक परिचय प्रस्तुत करते हुए, लेखिका पायल सोनी ने बताया कि उन्होंने यह पुस्तक क्यों लिखी, इसमें कौन-कौन से विषय शामिल हैं और आज के समय में इसे क्यों पढ़ा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बदलती दुनिया में अधिकारों के साथ कर्तव्यों, स्वतंत्रता के साथ ज़िम्मेदारी एवं आधुनिकता के साथ सांस्कृतिक जड़ों को समझना बेहद ज़रूरी है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्र विमर्श प्रमुख श्रीमान मनोज ने कहा कि किताब में अधिकारों, कर्तव्यों तथा सामाजिक ज़िम्मेदारी के विषयों को सीधी व स्पष्ट भाषा में प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने इसे समकालीन समाज की चुनौतियों पर एक बेबाक विचारणीय कृति बताया। मुख्य वक्ता के रूप में लखनऊ विश्वविद्यालय के विज्ञान संकाय की प्रो. एवं डीन प्रो. शीला मिश्रा ने कहा कि पायल की यह पुस्तक बदलते दौर में नारीत्व, भारतीय परंपरा एवं आधुनिक जीवनशैली के बीच संतुलन बनाने का एक स्पष्ट व बेबाक प्रयास है। उन्होंने सराहना की, कि लेखिका ने अधिकारों के साथ कर्तव्यों, स्वतंत्रता के साथ ज़िम्मेदारी और परिवार, विवाह, मातृत्व तथा मीडिया जैसे समकालीन विषयों को अत्यंत स्पष्टता तथा वैचारिक आत्मविश्वास के साथ रखा है। उनके अनुसार यह कृति परंपरा व परिवर्तन के बीच एक सचेत एवं ज़िम्मेदार रास्ता खोजने का सार्थक विमर्श प्रस्तुत करती है। परिचर्चा की अध्यक्षता करते हुए यूनिवर्सिटी ऑफ़ इलाहाबाद (प्रयागराज) की प्रो. अर्चना चहल ने कहा कि यह पुस्तक आधुनिक अवसरों के साथ पारिवारिक मूल्यों तथा सामाजिक संतुलन को समझने का विचारोत्तेजक माध्यम है। उन्होंने इसे आज के समय में परंपरा और परिवर्तन पर सचेत विमर्श के लिए उपयोगी बताया। अखिल भारतीय साहित्य परिषद के मंत्री निर्भय नारायण गुप्त ने कहा कि यह पुस्तक भारतीय सांस्कृतिक जड़ों, पारिवारिक मूल्यों और बदलते सामाजिक संदर्भों को गंभीरता के साथ सामने रखती है। उनके अनुसार समाज एवं परिवार के संतुलन से जुड़े इन विषयों पर ऐसे विमर्श आज के समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता हैं। इसके साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार प्रस्तुत करते हुए पुस्तक को पढ़ने की उत्सुकता एवं महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन लखनऊ विश्वविद्यालय के दर्शन शास्त्र विभाग की प्रो. ममता सिंह ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन क्षेत्र प्रमुख डॉ. आकांक्षा दीक्षित ने दिया। इस ऑनलाइन विमोचन एवं परिचर्चा कार्यक्रम में प्रो. मनोज अग्रवाल, अनुज वर्मा, अंजना राजपाल, माया देवी, प्रो. उपमा चतुर्वेदी, काशी से प्रो. पूजा तिवारी, आराध्या पाल, दिव्य गौरव त्रिपाठी, डॉ. सुमित सिंह, डॉ. सुनीता चौधरी, गिरजा शंकर मिश्रा, प्रो. मंजुला उपाध्याय, अधिवक्ता जयंती सिंह, कमला मिश्रा, कविता, समर्थ सूर्य, कानपुर से डॉ. सीमा सिंह, अयोध्या से प्रो. शैलेन्द्र, ललिता पाठक, माधुरी महाकाश, मनीषा चौहान एवं डॉ. मनीष खन्ना सहित अनेक प्रबुद्धजन व साहित्यप्रेमी सम्मिलित रहे। आयोजकों ने बताया कि यह पुस्तक पाठकों के लिए अमेज़न व फ़्लिपकार्ट पर उपलब्ध है।






