पिसावां, (दी ग्राम टुडे )थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस की तत्परता से एक युवक की जान बचाने में सफलता मिली। इस सराहनीय कार्य के लिए थाना के आरक्षी सत्यभान सिंह को डीजीपी द्वारा सम्मानित किया गया है।
बताया जाता है कि सोशल मीडिया पर एक युवक द्वारा आत्महत्या करने संबंधी वीडियो पोस्ट किए जाने के बाद थाना प्रभारी प्रभात कुमार गुप्ता ने तत्काल मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने मेटा कंपनी से संपर्क कर सोशल मीडिया से मिली जानकारी के आधार पर युवक का पता लगाया और उसे उसके गांव से सकुशल बरामद कर लिया।
बताया गया कि युवक का अपनी गर्लफ्रेंड से विवाद हुआ था, जिसके बाद उसने इंस्टाग्राम पर आत्महत्या करने की बात पोस्ट की थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को उसके घर से लाकर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार हुआ।
पुलिस की इस तत्परता से युवक की जान बच गई। आरक्षी सत्यभान सिंह के इस सराहनीय कार्य की क्षेत्र में प्रशंसा हो रही है। डीजीपी द्वारा सम्मानित किए जाने से पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी खुशी जताई।






