महोली, सीतापुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर ब्लॉक संसाधन केंद्र महोली में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक शशांक त्रिवेदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके पहुंचने पर उपस्थित शिक्षकों एवं कर्मचारियों द्वारा माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक शशांक त्रिवेदी ने कहा कि शिक्षक समाज को दिशा देने का कार्य करता है। बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण और उन्हें बेहतर भविष्य के लिए तैयार करने में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि शिक्षक जिन बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा और संस्कार देते हैं, वही आगे चलकर विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाते हैं। कोई न्यायाधीश, सांसद, विधायक, जिलाधिकारी अथवा एसडीएम बनकर देश और समाज की सेवा करता है।
विधायक ने कहा कि बच्चों को मिलने वाली शिक्षा और संस्कार उनके भविष्य की नींव तैयार करते हैं। इसलिए गुरुजनों का सम्मान करना प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि समाज में व्याप्त अनेक कुरीतियों और अज्ञानता को शिक्षा के माध्यम से ही दूर किया जा सकता है। शिक्षित और संस्कारित समाज ही बेहतर राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
” कार्यक्रम के दौरान शिक्षक दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। विधायक द्वारा शिक्षकों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए ”
इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी, ब्लॉक संसाधन केंद्र के कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। कार्यक्रम में शिक्षकों के योगदान और शिक्षा के महत्व पर विशेष रूप से चर्चा की गई।






