महोली, सीतापुर। नगर के प्रज्ञानंद आश्रम में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के दौरान कथा व्यास महामंडलेश्वर स्वामी अभय आनंद सरस्वती महाराज ने श्रीकृष्ण भगवान की बाल लीलाओं का विस्तार से वर्णन किया। कथा व्यास ने कहा कि कृष्ण भक्ति में लीन होकर मनुष्य अपना जीवन सफल बना सकता है।
कथा को विस्तार देते हुए उन्होंने माखन चोरी, गोवर्धन पूजा सहित भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न बाल लीलाओं का वर्णन श्रद्धालुओं को श्रवण कराया। भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का वर्णन सुनकर पूरा पंडाल भक्ति में डूबा नजर आया और चारों ओर भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे गूंजने लगे। कथा व्यास द्वारा मां यशोदा के वात्सल्य और भगवान श्रीकृष्ण की मनोहारी बाल लीलाओं का वर्णन सुनकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए।
कथा के समापन पर भगवान की आरती की गई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। कथा प्रारंभ होने से पूर्व कथा व्यास का तिलक-वंदन किया गया। इस दौरान मुख्य रूप से यजमान अवधेश वर्मा, डॉ. रेनू वर्मा, सीमा सक्सेना, आयुष वर्मा, सीमा मिश्रा सहित भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।






