महोली, सीतापुर। विद्युत उपकेंद्र नेरी के अंतर्गत ग्राम गुजिया में खराब हुए ट्रांसफार्मर को पांचवें दिन बदला गया। ट्रांसफार्मर बदले जाने के बाद गांव की विद्युत आपूर्ति बहाल हो सकी, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
बताया जाता है कि गांव में लगा पुराना ट्रांसफार्मर काफी समय से तेल का रिसाव कर रहा था। इसके बाद अचानक ट्रांसफार्मर खराब होकर बंद हो गया और विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दिए जाने के बावजूद ट्रांसफार्मर बदलने में पांच दिन लग गए।
ग्रामीणों के अनुसार, जब इस संबंध में अवर अभियंता से बात की गई तो उन्होंने मामले को दिखवाने की बात कही और अन्य कारण बताते रहे। बाद में जनप्रतिनिधियों के दबाव के बाद ट्रांसफार्मर बदला जा सका। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेने की मांग की है।






