महोली (सीतापुर)। नगर से पिसावा जाने वाले मुख्य मार्ग पर पन्हाइया पुल के पास सड़क किनारे बना एक बड़ा और गहरा गड्ढा राहगीरों के लिए मुसीबत का सबब बन गया है। गड्ढे के कारण सड़क का एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिससे हर समय किसी अप्रिय घटना का अंदेशा बना रहता है। स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर जल्द से जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग आसपास के दर्जनों गांवों को जोड़ता है और यहां से रोजाना स्कूल-कॉलेज के बच्चों की गाड़ियां, पर्यटक, दोपहिया और चार पहिया वाहन बड़ी संख्या में गुजरते हैं। दिन के समय तो लोग किसी तरह बचकर निकल जाते हैं, लेकिन रात के समय सामने से आने वाले वाहनों की तेज रोशनी और अंधेरे के कारण यह गड्ढा दिखाई नहीं देता। बारिश के दिनों में इसमें पानी भर जाने से इसकी वास्तविक गहराई का अंदाजा लगाना और मुश्किल हो जाता है।
अधीर सिंह, बबलू, गोल्डी शर्मा, नरेश, कुमुद सिंह , शुभम सिंह, आदि ग्रामीणों ने बताया कि इस गड्ढे के कारण कई दोपहिया वाहन चालक और साइकिल सवार गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। यदि समय रहते इस खतरनाक गड्ढे को नहीं भरा गया, तो कभी भी कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है। क्षेत्रवासियों ने जनहित में जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि इस मुख्य मार्ग की शीघ्र मरम्मत कराई जाए ताकि आवागमन सुरक्षित हो सके।






