पिसावां, सीतापुर (दि ग्राम टुडे)। विकासखंड पिसावां की ग्राम सभा कूतुवापुर के मजरा हिम्मतनगर में जलभराव की गंभीर समस्या से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव में जलभराव के चलते आम जनजीवन प्रभावित है। ग्रामीणों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से बनी इस समस्या के समाधान की मांग के बावजूद स्थिति को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है।
ग्रामीणों की समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए भारतीय किसान यूनियन (राष्ट्र शक्ति) ने हिम्मतनगर में जल्द ही जल सत्याग्रह करने का निर्णय लिया है। संगठन के प्रदेश प्रचार प्रभारी अजयपाल सिंह यादव ने बताया कि प्रस्तावित जल सत्याग्रह का नेतृत्व संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी उमाशंकर यादव करेंगे।
उन्होंने कहा कि गांव में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाना बेहद जरूरी है। जलभराव के कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा के कार्यों के साथ ही आवागमन में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। संगठन की मांग है कि संबंधित विभाग समस्या का संज्ञान लेकर जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करे, जिससे ग्रामीणों को इस परेशानी से राहत मिल सके।
भारतीय किसान यूनियन (राष्ट्र शक्ति) ने स्पष्ट किया है कि ग्रामीणों की इस समस्या को लेकर जल्द ही जल सत्याग्रह किया जाएगा। संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि आंदोलन की नौबत आने से पहले ही जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए।






