अजय कुमार दूबे
ब्यूरो प्रमुख (पूर्वांचल)
दि ग्राम टुडे
जनपद चंदौली। नेशनल हाईवे-19 पर उस समय हड़कंप व अफरा-तफरी मच गई, जब बीजेपी विधायक सुशील सिंह के काफिले में एक तेज रफ्तार सफेद स्कॉर्पियो घुस गई। बताया जा रहा है कि (फुटिया गांव से मिसिरपुरा) तक करीब चार किलोमीटर तक स्कॉर्पियो ने काफिले की गाड़ियों को टक्कर मारते हुए दहशत का माहौल पैदा कर दिया। जानकारी के मुताबिक, सफेद स्कॉर्पियो ने विधायक के काफिले में शामिल दो फॉर्च्यूनर तथा एक स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। इसके बाद अनियंत्रित स्कॉर्पियो सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। वाहन में चालक समेत चार लोग सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व (एनएचएआई) की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे में घायल स्कॉर्पियो चालक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में विधायक सुशील सिंह सुरक्षित हैं। उनके वाहन को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। बताया जा रहा है कि विधायक बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। घटना को लेकर विधायक सुशील सिंह ने इसे संदिग्ध बताया है। उनका कहना है कि स्कॉर्पियो चालक नशे में नहीं था और इस घटना को किसी खास नियत से अंजाम दिए जाने की आशंका है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटना से जुड़े (सीसीटीवी फुटेज) एवं कॉल डिटेल के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने बताया कि जांच के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। आखिर चार किलोमीटर तक काफिले में टक्कर मारने वाली सफेद स्कॉर्पियो के पीछे क्या वजह थी। क्या यह एक महज सड़क हादसा था या इसके पीछे कोई दूसरी साजिश थी। पुलिस जांच के बाद ही घटना की तस्वीर साफ हो सकेगी।






