जन्माष्टमी महोत्सव पर प्रज्ञानंम सत्संग आश्रम में हुआ पावन सत्संग
महोली/सीतापुर। नगर स्थित प्रज्ञानंम सत्संग आश्रम में प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी जन्माष्टमी महोत्सव के अवसर पर पावन सत्संग का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सत्संग प्रेमियों ने पहुंचकर आध्यात्मिक ज्ञान का लाभ लिया।
इस अवसर पर कथा व्यास महामंडलेश्वर स्वामी अभयानंद सरस्वती महाराज ने कहा कि मनुष्य के जीवन में सत्संग का विशेष महत्व है। जिस मनुष्य को सत्संग की प्राप्ति हो जाती है, उसका जीवन सफल हो जाता है। सत्संग मनुष्य को सद्मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है और उसे धर्म-कर्म के कार्यों के लिए प्रेरित करता है।
उन्होंने कहा कि धर्म के मार्ग पर चलने वाले मनुष्य को जीवन में कभी निराश नहीं होना चाहिए। भले ही उसे क्षणिक कष्टों का सामना करना पड़े, लेकिन परमपिता परमेश्वर सदैव उसकी सहायता करते हैं। सत्संग के माध्यम से मनुष्य को अपने जीवन को सदाचार और सेवा के मार्ग पर ले जाने की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम के दौरान कथा व्यास महामंडलेश्वर स्वामी अभयानंद सरस्वती महाराज का तिलक बंधन कर स्वागत किया गया। कथा के समापन पर आरती हुई तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से डॉ. रेनू वर्मा, अवधेश कुमार वर्मा, महेश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में सत्संग प्रेमी उपस्थित रहे।






