महोली, सीतापुर। विकास क्षेत्र महोली के बड़ा गांव स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय प्रथम में बाउंड्रीवाल का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य में पुरानी ईंटों का इस्तेमाल किए जाने और मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए किसान नेता आनंद सिंह ने जिलाधिकारी से जांच कराने की मांग की है।
किसान नेता आनंद सिंह का आरोप है कि बाउंड्रीवाल की नींव में मानक के अनुरूप सामग्री का इस्तेमाल नहीं किया गया है, जिसके चलते नींव कमजोर होने की आशंका है। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराकर मानकों के अनुरूप कार्य कराए जाने की मांग की है।
बताया गया है कि जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर के आदेश पर विद्यालय की बाउंड्रीवाल का निर्माण कार्य शुरू कराया गया है। निर्माण कार्य ग्राम पंचायत सचिव की देखरेख में कराया जा रहा है।
इस संबंध में सहायक विकास अधिकारी पंचायत इकराम अली ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप कराया जाना सुनिश्चित किया जाएगा।






