
दि ग्राम टुडे,नीरज बहल।
कानपुर। लखनऊ में हुए हालिया अग्निकांड के बाद जिला प्रशासन सार्वजनिक स्थानों और सरकारी संस्थानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में एलएलआर अस्पताल (हैलेट) के मैटरनिटी विंग परिसर में फजलगंज फायर स्टेशन की टीम द्वारा विशेष फायर सेफ्टी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अस्पताल के स्टाफ, सुरक्षाकर्मियों और नर्सिंग स्टाफ को आग लगने की स्थिति में बचाव और राहत कार्यों की जानकारी दी गई।
फायर अधिकारियों ने प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग, आग लगने पर प्राथमिक प्रतिक्रिया, मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में घबराहट से बचते हुए व्यवस्थित ढंग से कार्य करने के तरीके बताए। अधिकारियों ने विभिन्न प्रकार की आग और उनसे निपटने के उपायों का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया।
एलएलआर अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ. सौरव अग्रवाल ने बताया कि अस्पताल परिसर में अग्नि सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक उपकरण, फायर सिस्टम और फायर अलार्म पूरी तरह सक्रिय और कार्यशील हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रशासन मरीजों और कर्मचारियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है तथा समय-समय पर इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
उन्होंने बताया कि फायर विभाग की टीम ने अस्पताल कर्मचारियों को यह भी प्रशिक्षित किया कि आपातकालीन स्थिति में किस प्रकार मरीजों, नवजात शिशुओं और तीमारदारों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया जा सकता है। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान हैलेट अस्पताल के डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, सुरक्षाकर्मी और अन्य कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
हैलेट अस्पताल में फायर सेफ्टी प्रशिक्षण आयोजित, स्टाफ और नर्सिंग कर्मियों को आपदा से बचाव के दिए गए गुर
Date:






