
पारा पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, मौत के कारणों की जांच जारी
लखनऊ। पारा थाना क्षेत्र स्थित शारदा नहर में सोमवार सुबह करीब 11:50 बजे एक व्यक्ति का शव पानी में उतराता मिला। नहर किनारे से गुजर रहे राहगीरों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाकर कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने शव की पहचान कराने का प्रयास किया। जांच के दौरान मृतक की पहचान धर्मेंद्र (45) पुत्र सियाराम, निवासी कोतवाली देहात, जनपद सीतापुर के रूप में हुई। बताया गया कि धर्मेंद्र पिछले चार दिनों से अपने घर से लापता थे। सूचना मिलने पर मृतक के भाई रवि मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की।
पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले के संबंध में स्पष्ट जानकारी दी जाएगी।






