गाँव-गाँव में दर्द बिखरता,
किसे पड़ी है गाँव की राह,
दिल्ली आकर धरना दो तुम,
तभी सुनेगी सत्ता आह!
पहाड़ों से, खेतों से लेकर,
दूर-दराज़ के गाँवों से,
जनता खिंची चली आती है,
अपने दुख के घावों से।
किराया, भोजन, रात गुज़ारी,
छोड़ काम और घर-द्वार,
न्याय माँगने दिल्ली पहुँची,
लेकर उम्मीदों का भार।
नेता गाँवों तक क्या जाएँ,
रास्तों की कौन सहे?
दिल्ली में ही मंच सजेगा,
वहीं सियासी चूल्हा दहे!
**जनता अपनी पीड़ा लेकर,
दिल्ली की चौखट पर आए,
नेता अपनी रोटी सेंकें,
कैमरा उनकी जय-जय गाए!**
धरना हो तो फोटो खिंचती,
भाषण हो तो ताल बजे,
जनता के दुख की आड़ में अक्सर,
सत्ता के ही दाँव सजे!
दिल्ली बन बैठी है चौपाल,
दिल्ली ही दरबार बनी,
जिसकी सुनवाई गाँव में होती,
क्यों उसकी इतनी लंबी राह बनी?
**वोट पड़ेगा, शोर थमेगा,
फिर वही खामोशी होगी,
जनता फिर दरवाज़ा खटखटाएगी,
सत्ता फिर मदहोशी होगी!**
याद रखो, कुर्सी के स्वामी,
जनता सब हिसाब रखेगी,
वादों की हर बंद किताब का
एक दिन पूरा जवाब रखेगी!
**जनता को मत समझो भोली,
वह सब देख रही है जी,
कुर्सी स्थायी नहीं किसी की,
मालिक वही—जनता ही!**
— **दया भट्ट ‘दया’**






