आईजीआरएस शिकायत निस्तारण में कानपुर जोन प्रदेश में अव्वल, 98 थानों सहित कई जनपदों को मिली प्रथम रैंक
दि ग्राम टुडे, कानपुर।
कानपुर जोन पुलिस ने जनसुनवाई समाधान प्रणाली (आईजीआरएस) पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में प्रदेश स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा माह जून 2026 की मासिक मूल्यांकन समीक्षा में कानपुर जोन, कानपुर परिक्षेत्र, झांसी परिक्षेत्र सहित कई जनपदों एवं 98 थानों को प्रदेश में प्रथम रैंक प्राप्त हुई है।
यह उपलब्धि अनुपम कुलश्रेष्ठ के कुशल निर्देशन एवं प्रभावी मॉनिटरिंग का परिणाम मानी जा रही है। शासन द्वारा संचालित जनसुनवाई समाधान प्रणाली (आईजीआरएस) के माध्यम से आमजन की शिकायतों के समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण को लेकर लगातार समीक्षा की जाती है। जून माह की समीक्षा में कानपुर जोन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में शीर्ष स्थान प्राप्त किया।
समीक्षा के अनुसार कानपुर परिक्षेत्र एवं झांसी परिक्षेत्र को भी प्रथम रैंक प्राप्त हुई। वहीं जनपद स्तर पर कानपुर देहात, कन्नौज, झांसी, जालौन एवं ललितपुर ने उत्कृष्ट कार्य करते हुए प्रदेश में शीर्ष स्थान हासिल किया। इसके अतिरिक्त जोन के कुल 98 थानों को भी शिकायतों के प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण के आधार पर प्रथम रैंक प्रदान की गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह उपलब्धि जनसमस्याओं के प्रति पुलिस प्रशासन की संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं त्वरित समाधान के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। अधिकारियों ने कहा कि आमजन की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सरकार की प्राथमिकता है और भविष्य में भी इसी प्रकार प्रभावी कार्यवाही जारी रखी जाएगी।
इस उपलब्धि पर पुलिस विभाग में उत्साह का माहौल है तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बेहतर कार्यप्रणाली बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
आईजीआरएस शिकायत निस्तारण में कानपुर जोन प्रदेश में अव्वल, 98 थानों सहित कई जनपदों को मिली प्रथम रैंक
Date:






