
दि ग्राम टुडे,कानपुर नगर। कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अपराध नियंत्रण को प्रभावी गति देने के उद्देश्य से कानपुर पुलिस कमिश्नरेट में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल द्वारा 30 जून 2026 को जारी आदेश के तहत पाँच निरीक्षकों और उपनिरीक्षकों के तबादले किए गए हैं। सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी तबादला सूची के अनुसार प्रभारी निरीक्षक थाना बाबूपुरवा अरुण कुमार द्विवेदी को हटाकर प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली बनाया गया है। वहीं अपराध शाखा में तैनात निरीक्षक नीरज ओझा को प्रभारी निरीक्षक थाना बाबूपुरवा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक थाना कलक्टरगंज जनार्दन सिंह का तबादला कर उन्हें प्रभारी निरीक्षक थाना महाराजपुर नियुक्त किया गया है। अति. निरीक्षक थाना सेन पश्चिमपारा संजीव कुमार सिंह को प्रभारी निरीक्षक थाना कलक्टरगंज बनाया गया है।
वहीं उपनिरीक्षक रवि कुमार को थाना सचेंडी से स्थानांतरित कर ग्वालटोली थाने का नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
पुलिस आयुक्त कार्यालय द्वारा जारी आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल नवीन तैनाती स्थल पर पहुंचकर कार्यभार ग्रहण करने तथा अनुपालन आख्या कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस विभाग के अनुसार यह फेरबदल प्रशासनिक आवश्यकताओं और बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से किया गया है। माना जा रहा है कि नए अधिकारियों की तैनाती से संबंधित थाना क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण, पुलिसिंग व्यवस्था और जनसंपर्क को और अधिक मजबूती मिलेगी।
कानपुर पुलिस कमिश्नरेट में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, पाँच पुलिस अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
Date:






