महोली, सीतापुर। रक्षाबंधन के पर्व पर खाद्य विभाग की उदासीनता के चलते नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में रंग-बिरंगी रेडीमेड मिठाइयों की बिक्री धड़ल्ले से होती रही। सस्ती कीमत होने के कारण लोगों ने भी इन मिठाइयों की जमकर खरीदारी की।
त्योहार के मद्देनजर बाजारों में मिठाइयों की दुकानों पर भारी भीड़ देखने को मिली। कई दुकानों पर आकर्षक रंगों वाली मिठाइयां खुलेआम बिकती नजर आईं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी मिठाइयों में इस्तेमाल होने वाले कृत्रिम रंग स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकते हैं। इसके बावजूद खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से प्रभावी जांच और कार्रवाई होती दिखाई नहीं दी।
महोली, पिसावां, बड़ागांव, मिश्रिख बाजार, वजीरनगर और कुतुबनगर सहित कई क्षेत्रों में रंग-बिरंगी मिठाइयों की बिक्री की चर्चा रही। त्योहार के दौरान खाद्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के निरीक्षण न होने से दुकानदारों के हौसले बुलंद नजर आए।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि खाद्य विभाग द्वारा समय-समय पर मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया जाए तथा मिलावटी और स्वास्थ्य के लिए संभावित रूप से हानिकारक खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई की जाए।






