महोली, सीतापुर। आदर्श नगर पंचायत महोली द्वारा संचालित गंज बाजार में दुकानों के आसपास अत्यधिक जलभराव होने से बाजार आने-जाने वाले लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी जमा है, जिससे दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों की दिक्कतें बढ़ गई हैं।
जलभराव के कारण आसपास गंदगी और मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ता जा रहा है। इससे स्थानीय लोगों में बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है। नागरिकों का कहना है कि लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है, लेकिन नगर पंचायत प्रशासन की ओर से पानी की निकासी के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं किया जा रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत महोली का ध्यान समस्या की ओर आकृष्ट कराते हुए बाजार में जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराए जाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पानी की निकासी नहीं कराई गई तो समस्या और गंभीर हो सकती है।
अब देखना यह है कि नगर पंचायत प्रशासन इस समस्या का समाधान कब तक कराता है, यह आने वाला समय ही बताएगा।






