सीतापुर (दी ग्राम टुडे )यात्रियों को लेकर नियमों की अनदेखी करना एक डबल डेकर बस संचालक को भारी पड़ गया। मिश्रिख नहर चौराहे से पानीपत के बीच नियमित रूप से संचालित हो रही बस को परिवहन विभाग की टीम ने जांच के दौरान नवीन चौक स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर सीज कर दिया।
पीटीओ एम. आब्दीन अहमद ने बताया कि विभाग को मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल के माध्यम से शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि टूरिस्ट परमिट पर संचालित बस को निर्धारित यात्री बस सेवा की तरह प्रतिदिन चलाया जा रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने बस की गतिविधियों पर निगरानी शुरू की।
जांच के दौरान सामने आया कि बस प्रतिदिन लगभग दोपहर 1:30 बजे मिश्रिख से रवाना होकर सीतापुर-हरदोई चुंगी के रास्ते पानीपत तक यात्रियों का परिवहन कर रही थी। इसके बाद परिवहन विभाग की टीम ने बस को रोककर परमिट, फिटनेस, बीमा, चालक का लाइसेंस तथा वाहन की निर्धारित क्षमता समेत अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की।
जांच में परमिट की शर्तों के विपरीत संचालन पाए जाने पर विभाग ने नियमानुसार चालान करते हुए बस को सीज कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक, बस के विरुद्ध इससे पहले भी कार्रवाई की जा चुकी थी, इसके बावजूद दोबारा नियमों के विपरीत संचालन किए जाने की शिकायत मिली थी।
पीटीओ ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसे वाहनों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। इससे पूर्व पिसावा से दिल्ली के बीच संचालित एक बस के विरुद्ध भी परिवहन विभाग द्वारा कार्रवाई की जा चुकी है। विभाग की कार्रवाई से नियमों की अनदेखी कर यात्री परिवहन करने वाले वाहन संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।






