पिसावां/सीतापुर। तहसील क्षेत्र के थाना पिसावां परिसर में पुलिसकर्मियों को अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन से निपटने का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य आग लगने की घटनाओं और विभिन्न आपात परिस्थितियों के दौरान पुलिसकर्मियों को तत्काल एवं सुरक्षित तरीके से राहत-बचाव कार्य करने के लिए तैयार करना रहा।
मिश्रिख फायर सर्विस के सी राजवीर सिंह ने प्रशिक्षण के दौरान बताया कि आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ऐसे में पुलिसकर्मियों को अग्निशमन के प्राथमिक उपायों की जानकारी होना बेहद आवश्यक है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वह तत्काल प्रभावी कार्रवाई कर सकें।
प्रशिक्षण के दौरान समीउल्लाह एवं विकास वर्मा ने पुलिसकर्मियों को आग लगने की स्थिति में उठाए जाने वाले तत्काल कदमों, सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा आग पर काबू पाने के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी। इसके साथ ही आपात स्थिति में स्वयं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए राहत एवं बचाव कार्य करने के बारे में भी समझाया गया।
आपदा प्रबंधन के तहत विभिन्न परिस्थितियों में बचाव के तरीकों की जानकारी भी दी गई। विशेष रूप से यदि कोई पशु कुएं में गिर जाए तो उसे सुरक्षित तरीके से बाहर निकालने के उपायों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
इस अवसर पर उपनिरीक्षक राजेश सिंह, अनिल मिश्रा, महिला आरक्षी सैनी, कल्पना सहित थाना पिसावां के अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।






