महोली (सीतापुर)। महोली कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो चालकों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
पहला हादसा हाईवे पर सतलोक आश्रम के पास हुआ, जहां सेव से भरा ट्रक रोडवेज बस से टकरा गया। हादसे में ट्रक चालक कुलदीप सिंह (45) पुत्र बजरंग सिहू, निवासी गौरा चक, थाना रामगढ़, जनपद सांभा, जम्मू और उसका सहयोगी जगदेव सिंह पुत्र जोगेंद्र सिंह, निवासी दधिजल, जिला सांभा, जम्मू गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महोली लाया गया, जहां चिकित्सकों ने कुलदीप सिंह को मृत घोषित कर दिया। जगदेव सिंह का उपचार जारी है।
हादसे की सूचना पर महोली कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और रोडवेज बस को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
वहीं, बीती रात जलालपुर मोड़ पर डीसीएम और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में चालक नफीस पुत्र सफीक अहमद, निवासी गुफा पुर मिश्रिख, सीतापुर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस दोनों हादसों की जांच में जुटी है।






