महोली, सीतापुर। नगर के कृषक इंटर कॉलेज की पिछली फील्ड पर मंगलवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 224 जोड़ों ने परिणय सूत्र में बंधकर वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत की।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक शशांक त्रिवेदी ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर किया। उन्होंने नवविवाहित वर-वधुओं को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय दांपत्य जीवन की कामना की। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए महत्वपूर्ण सहारा है। इसके माध्यम से गरीब परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न कराने में मदद मिल रही है।
समारोह में विवाह बंधन में बंधे नवविवाहित जोड़ों और उनके परिजनों में खासा उत्साह दिखाई दिया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी नवदंपतियों को शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना को सामाजिक समरसता और जरूरतमंद परिवारों को सहयोग प्रदान करने वाली महत्वपूर्ण कल्याणकारी योजना के रूप में बताया गया। समारोह में बड़ी संख्या में वर-वधू के परिजन, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।






