
दि ग्राम टुडे,
कानपुर नगर। थाना रेलबाजार पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 122/2026 में वांछित अभियुक्त फैज वारिस पुत्र स्वर्गीय शमशाद अली के विरुद्ध न्यायालय से जारी उद्घोषणा नोटिस की नियमानुसार तामील कराई। पुलिस ने अभियुक्त के निवास स्थान सहित मोहल्ले के सार्वजनिक स्थानों और न्यायालय परिसर में नोटिस चस्पा कर मुनादी कराई। साथ ही अभियुक्त को 30 दिनों के भीतर स्थानीय थाने अथवा संबंधित न्यायालय के समक्ष उपस्थित होने की हिदायत दी गई है। निर्धारित अवधि में उपस्थित नहीं होने पर उसके विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त फैज वारिस निवासी मकान संख्या 368, हैरिसगंज, रेलबाजार कैंट, थाना रेलबाजार, कानपुर नगर के विरुद्ध माननीय विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट/अपर सत्र न्यायाधीश, न्यायालय संख्या-20, कानपुर नगर द्वारा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं 61(2), 111, 238, 241, 318(4), 336(3), 338, 314, 352, 351(3) एवं 3(5) के अंतर्गत जारी मुकदमे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 84 के तहत उद्घोषणा जारी की गई थी।
न्यायालय के आदेश के अनुपालन में उपनिरीक्षक राजन कुमार ने उपनिरीक्षक जितिन और रिजर्व कांस्टेबल 969 रोहित के साथ अभियुक्त के बताए गए निवास स्थान पर पहुंचकर नियमानुसार कार्रवाई की। पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में उद्घोषणा नोटिस को जोर-जोर से पढ़कर सुनाया और मुनादी कराई। इसके बाद नोटिस को अभियुक्त के मकान के स्पष्ट रूप से दिखाई देने वाले स्थान पर चस्पा कर दिया गया। मौके पर मौजूद लोगों को भी उद्घोषणा की विषयवस्तु से अवगत कराया गया।
इसके अतिरिक्त पुलिस टीम ने मोहल्ले के सार्वजनिक स्थान पर भी उद्घोषणा पढ़कर सुनाई और नोटिस की प्रति चस्पा की। इसके बाद पुलिसकर्मी माननीय न्यायालय परिसर पहुंचे, जहां 3 नवंबर 2026 को दोपहर 3:15 बजे न्यायालय भवन के प्रमुख एवं सार्वजनिक रूप से दिखाई देने वाले स्थान पर भी उद्घोषणा की प्रति चस्पा कर मुनादी की कार्रवाई पूरी की गई।
उपनिरीक्षक राजन कुमार ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में उद्घोषणा की तामील की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी कर ली गई है। अभियुक्त फैज वारिस को 30 दिनों के भीतर स्थानीय थाने अथवा माननीय न्यायालय के समक्ष उपस्थित होना सुनिश्चित करना होगा। ऐसा नहीं करने पर उसके विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
@highlight Police Commissionerate Kanpur Nagar
30 दिन में न्यायालय या थाने में पेश हो वांछित अभियुक्त फैज वारिस, रेलबाजार पुलिस ने कराई मुनादी
Date:






