ब्यूरो रिपोर्ट – अमित मिश्रा
महोली, सीतापुर (दि ग्राम टुडे)। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, केशवपुरी महोली में वार्षिकोत्सव एवं छात्र अलंकरण समारोह का भव्य आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने अपनी शैक्षिक, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। भाजपा नेता अरविन्द मिश्रा अंशू ने समारोह में सम्मिलित होकर विद्यार्थियों की रंगारंग प्रस्तुतियों का अवलोकन किया और उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वीरेंद्र (वरिष्ठ प्रचारक, भारती भवन, लखनऊ) ने की, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में रामजी सिंह (प्रदेश निरीक्षक, भारतीय शिक्षा समिति, उत्तर प्रदेश) मौजूद रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।
समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना, लोकनृत्य, अभिनय गीत, एकांकी, कवि दरबार तथा योग-व्यायाम सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों का उत्साह और आत्मविश्वास देखते ही बना।
“इस अवसर पर भाजपा नेता अरविन्द मिश्रा अंशू ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना भी आवश्यक है। शिक्षा के साथ संस्कार, संस्कृति, अनुशासन और नैतिक मूल्यों का समावेश ही एक अच्छे नागरिक का निर्माण करता है। उन्होंने कहा कि सरस्वती विद्या मंदिर जैसे शिक्षण संस्थान आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति, परंपराओं और राष्ट्रभक्ति के संस्कार देने का सराहनीय कार्य कर रहे हैं”
उन्होंने आगे कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल समाज और देश का भविष्य तय करेंगे। इसलिए विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ अपने चरित्र निर्माण, माता-पिता एवं गुरुजनों के सम्मान और सामाजिक दायित्वों के प्रति भी जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि वार्षिकोत्सव जैसे आयोजन बच्चों को अपनी छिपी हुई प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करते हैं। मंच पर प्रस्तुति देने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में सत्यप्रकाश मिश्र, रोहित सिंह, मंडल अध्यक्ष तरुण शुक्ला, मुकेश मिश्रा सहित विद्यालय के आचार्यगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।






