
दि ग्राम टुडे संवाददाता
लखनऊ। बुद्धेश्वर चौराहे पर ओवरब्रिज के नीचे संचालित वेंडिंग ज़ोन में नगर निगम जोन-6 की ओर से की गई कार्रवाई के बाद रेहड़ी-पटरी और सब्ज़ी विक्रेताओं में नाराज़गी देखने को मिली। वर्षों से वेंडिंग ज़ोन में कारोबार कर रहे दुकानदारों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए इसे उनकी आजीविका पर सीधा असर बताया। दुकानदारों का कहना है कि वेंडिंग ज़ोन का उद्देश्य छोटे व्यापारियों को व्यवस्थित और सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराना है, ताकि वे बिना किसी बाधा के अपना रोजगार चला सकें। उनका आरोप है कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए दुकानों को हटाने की कार्रवाई से सैकड़ों परिवारों के सामने रोज़ी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
प्रभावित व्यापारियों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि किसी भी कार्रवाई से पहले सभी पात्र दुकानदारों के लिए वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराया जाए। उनका कहना है कि यदि उचित व्यवस्था नहीं की गई तो उनका रोजगार पूरी तरह प्रभावित हो जाएगा।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने भी नगर निगम की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए छोटे व्यापारियों के हितों की रक्षा की मांग की। व्यापार मंडल अध्यक्ष पिंटू गुप्ता, उपाध्यक्ष अभिषेक राज तथा पूर्व पार्षद तारा चंद रावत ने कहा कि प्रभावित दुकानदारों के साथ न्यायपूर्ण समाधान निकाला जाना चाहिए नगर निगम की कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में इस मुद्दे को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। फिलहाल नगर निगम की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यदि प्रशासन की ओर से कोई पक्ष या स्पष्टीकरण जारी किया जाता है तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।






