अमित मिश्रा
महोली, सीतापुर (दि ग्राम टुडे)। महोली कस्बे के भट्टा मोहल्ले में शनिवार को चार्जिंग के दौरान इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पास में खड़ी रिश्तेदार प्रमिला वर्मा की पेट्रोल स्कूटी को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों स्कूटी जलकर राख हो गईं।
” घटना की जानकारी मिलने पर महोली विधायक शशांक त्रिवेदी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने घटना के संबंध में जानकारी ली और परिवार को सांत्वना दी “
जानकारी के अनुसार, भट्टा मोहल्ला निवासी विनय वर्मा के घर में इलेक्ट्रिक स्कूटी चार्जिंग पर लगी थी। इसी दौरान अचानक उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग फैलने लगी। धुआं और धमाके जैसी आवाज सुनकर घर में मौजूद परिजन घबरा गए और अपनी जान बचाने के लिए छत पर पहुंच गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक दोनों स्कूटी आग की भेंट चढ़ चुकी थीं। घटना के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल रहा। गनीमत रही कि परिजन समय रहते सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए।






