
दि ग्राम टुडे, कानपुर।
कानपुर नगर में पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। 28 जून को आयोजित होने वाले विशेष अभियान के तहत जनपद के 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 5,12,184 बच्चों को पोलियो रोधी दवा की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर से जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि भारत ने पोलियो उन्मूलन के क्षेत्र में ऐतिहासिक सफलता हासिल की है और इस उपलब्धि को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि जन्म से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को निर्धारित तिथि पर निकटतम पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि यदि किसी कारणवश बूथ तक पहुंचना संभव न हो तो नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर भी बच्चों को पोलियो रोधी दवा दिलाई जा सकती है।
जिलाधिकारी ने कहा कि “एक भी बच्चा छूटा, पल्स पोलियो का सुरक्षा चक्र टूटा” अभियान का मूल संदेश है, इसलिए प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियो की दवा पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को अभियान को पूरी गंभीरता और सतर्कता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि पूरे जनपद में अभियान के लिए 2,069 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। 29 जून से घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का अभियान भी शुरू किया जाएगा। इसके लिए 8,561 घर-घर टीमें गठित की गई हैं। इसके अलावा 672 ट्रांजिट टीमें और 350 मोबाइल टीमें भी तैनात की गई हैं। इस प्रकार कुल 9,585 टीमें अभियान में कार्य करेंगी, जिनमें 12,642 स्वास्थ्यकर्मी एवं सहयोगी कार्मिक लगाए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अभियान के लिए विस्तृत माइक्रो प्लान तैयार किया गया है। ईंट-भट्ठों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, निर्माण स्थलों तथा घुमंतू एवं प्रवासी परिवारों के बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए विशेष रणनीति बनाई गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सर्वेक्षण कर अतिरिक्त टीमों की तैनाती की गई है, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो रोधी दवा से वंचित न रह जाए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से शुरू हुई जागरूकता रैली पीएसी चौराहा तक गई और पुनः कार्यालय परिसर में समाप्त हुई। रैली में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सहायक जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, कार्यक्रम अधिकारी, विश्व स्वास्थ्य संगठन, यूनिसेफ, जेएसआई, नेहरू युवा केंद्र संगठन, महिला एवं बाल विकास विभाग, आशा कार्यकर्ता, एएनएम, नर्सिंग छात्र-छात्राओं सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मियों ने भाग लिया।






