महोली, सीतापुर। आदर्श नगर पंचायत के अंतर्गत पूर्वी-पश्चिमी रेलवे लाइन के गुजरिया से कंचनपुर तक दोनों तरफ झाड़ियां ही झाड़ियां नजर आ रही हैं। जन्माष्टमी का त्योहार और मेला शुरू होने के बावजूद अब तक इन झाड़ियों की कटाई नहीं कराई गई है।
एक तरफ जहां रास्ते पर अंधेरा रहता है, वहीं जन्माष्टमी के दिन कंचनपुर गांव के साथ ही आसपास के गांवों के सैकड़ों लोग यहां पहुंचकर जन्माष्टमी कार्यक्रम में भागीदारी निभाएंगे। इसके बावजूद नगर पंचायत प्रशासन इस समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, कई बार नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी रामकृष्ण वर्मा का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित कराया गया, लेकिन अभी तक झाड़ियों की कटाई नहीं हो सकी है। बरसात की रात, अंधेरा और ऊपर से जंगली जानवरों का खतरा होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने नगर पंचायत प्रशासन से जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए मार्ग के दोनों ओर की झाड़ियों की तत्काल कटाई कराने और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था कराने की मांग की है।






