पिसावां (सीतापुर)। विकासखंड पिसावां क्षेत्र में फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम 2026 के तहत गुरुवार को जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के सफल संचालन और जनजागरूकता के लिए प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह अभियान 19 नवंबर से 7 दिसंबर तक चलेगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख मिथिलेश सिंह, खंड विकास अधिकारी पूजा सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष शिव प्रताप सिंह तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिसावां के अधीक्षक डॉ. संतोष कुमार चौधरी ने संयुक्त रूप से प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने स्वयं फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कर लोगों को जागरूकता का संदेश दिया। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि अभियान के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा दी जाने वाली दवा का सेवन अवश्य करें और फाइलेरिया से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करें।
अधिकारियों ने बताया कि अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर पात्र लाभार्थियों को अपने सामने फाइलेरिया रोधी दवा खिलाएंगी। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को दवा का सेवन कराकर क्षेत्र को फाइलेरिया मुक्त बनाना है।
इस दौरान तरुण त्रिवेदी, विनोद कुमार, दुर्गेश सिंह तोमर, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक अरुण शुक्ला, दीपिका, एएनएम आकांक्षा मिश्रा, नेहा मिश्रा, आस्था पटेल सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






