अमित मिश्रा
कव्वाली की महफिल में झूम उठे जायरीन, वारिस पाक के नारों से गूंजा पंडाल
महोली, सीतापुर (दि ग्राम टुडे)। क्षेत्र की ग्राम पंचायत गुजिया स्थित दरगाह पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी सालाना उर्स मुबारक का आयोजन अकीदत और एहतराम के साथ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कमरुल निशा यूनुस की ओर से किया गया। उर्स में बड़ी संख्या में जायरीनों ने शिरकत कर अपनी हाजिरी लगाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ जश्ने वारिस पाक से हुआ। इस अवसर पर मौलाना ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अल्लाह पाक की नेमतें बहुत बड़ी हैं। प्रत्येक इंसान को पांचों वक्त की नमाज अदा करनी चाहिए और हर हाल में अल्लाह का शुक्र अदा करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सोते-जागते हर समय अल्लाह पाक को याद करें और सजदा कर उसकी इबादत करें, ताकि अल्लाह की रहमत और मगफिरत हासिल हो सके।
इसके उपरांत आयोजक कमरुल निशा यूनुस द्वारा चादरपोशी की रस्म अदा की गई। इसके बाद कव्वाली का शानदार कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें बाहर से आए कव्वालों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। कव्वाली की महफिल में मौजूद जायरीन झूम उठे और पूरा पंडाल वारिस पाक के नारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम में सबीना, अनीशा बानो, यूनुस, इरफान, रिजवान अहमद एवं रहीम खान सहित अन्य लोगों ने सहभागिता निभाई। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, भाईचारे और उत्साह का माहौल बना रहा।






