सांसद निधि से 2013 में हुआ था निर्माण, ग्रामीणों ने एसडीएम से की शिकायत
महोली (सीतापुर)। तहसील क्षेत्र के बड़ागांव रोड स्थित चमारबाग चौराहे पर यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए गए प्रतीक्षालय में पुलिस द्वारा पक्की दीवारों का निर्माण कराए जाने का मामला सामने आया है। इसे लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। मंगलवार को प्रधान प्रतिनिधि की अगुवाई में ग्रामीणों ने एसडीएम को शिकायती पत्र सौंपकर निर्माण कार्य रुकवाने की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसील प्रशासन ने राजस्व टीम गठित कर जांच के लिए मौके पर भेजी है।
जानकारी के अनुसार, बहेरा ग्राम पंचायत में वर्ष 2013 में तत्कालीन धौरहरा सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने अपनी सांसद निधि से 3 लाख 304 रुपये की लागत से इस यात्री प्रतीक्षालय का निर्माण कराया था। इसका उद्देश्य राहगीरों और स्थानीय लोगों को धूप तथा बारिश से बचने के लिए सुविधा उपलब्ध कराना था।
ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस कर्मियों को ठंड से बचाने के नाम पर सार्वजनिक उपयोग के लिए बनाए गए इस प्रतीक्षालय पर कब्जा किया जा रहा है। वर्तमान में प्रतीक्षालय के तीनों तरफ पक्की दीवारें खड़ी कर दी गई हैं और सामने गेट लगाने की तैयारी चल रही है।
प्रधान प्रतिनिधि संतोष कुमार ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा विरोध दर्ज कराने के बावजूद निर्माण कार्य नहीं रोका गया। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस को पिकेट स्थापित करने के लिए स्थान की आवश्यकता थी, तो नियमानुसार ग्राम पंचायत से भूमि की मांग की जानी चाहिए थी। पंचायत प्रशासन को भूमि उपलब्ध कराने के लिए प्रस्ताव दिया जाता तो इस पर विचार किया जा सकता था, लेकिन जनसुविधा के लिए बनाए गए यात्री प्रतीक्षालय को बंद करना उचित नहीं है।
इस मामले को लेकर स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ चमारबाग बाजार के पटरी दुकानदारों में भी नाराजगी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से यात्री प्रतीक्षालय को पूर्व की तरह सार्वजनिक उपयोग के लिए बहाल कराने और निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
क्या बोले जिम्मेदार
एसडीएम शैलेंद्र गौतम ने बताया कि पुलिस अधिकारियों की ओर से किसी भी निर्माण कार्य के लिए प्रशासन से भूमि की मांग नहीं की गई है। ग्रामीणों की शिकायत मिलने पर राजस्व टीम गठित कर मौके पर भेजी गई है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।






